दवा बेचने की आड़ में लोगों से ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, अवैध तमंचा, कारतूस, वाहन और ठगी का सामान बरामद
आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गैंग का सरगना गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके चार अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरोह दवाइयों की आड़ में लोगों को झांसा देकर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान संदिग्ध बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में गैंग के सरगना के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथ चार अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, एक वाहन, ठगी से जुड़ा सामान, 3 हजार रुपये नकद, एक आधार कार्ड तथा विभिन्न दवा कंपनियों और मेडिकल स्टोरों के 12 विजिटिंग कार्ड बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गांव-शहर में घूमकर दवा बेचने के बहाने लोगों से संपर्क करते थे। विशेष रूप से यौन रोग और कमजोरी जैसी समस्याओं का झांसा देकर नकली दवाएं ऊंचे दामों पर बेचते थे और लोगों से मोटी रकम ऐंठते थे।
फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह के आपराधिक इतिहास और अन्य राज्यों में इनके नेटवर्क की जांच में जुटी है। घायल बदमाश का उपचार कराया जा रहा है, जबकि अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है।
