रिपोर्ट :- खुशनूद हसन /बिजनौर
हरिद्वार से आए कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक, सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात
बिजनौर में सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आए कांवड़ियों ने सबसे पहले मोटा महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। कांवड़ यात्रा प्रभारी एवं क्षेत्राधिकारी नजीबाबाद राकेश कुमार ने ड्रोन कैमरे के माध्यम से पूरे मेले और यात्रा मार्ग की निगरानी की।
सावन के पहले सोमवार पर बिजनौर के प्रसिद्ध मोटा महादेव मंदिर में तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर परिसर में पेयजल, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कांवड़ यात्रा प्रभारी एवं क्षेत्राधिकारी नजीबाबाद राकेश कुमार ने ड्रोन कैमरे के जरिए मोटा महादेव मंदिर, मंडावली थाना क्षेत्र, नजीबाबाद थाना क्षेत्र सहित कांवड़ यात्रा मार्ग के विभिन्न स्थानों पर लगातार निगरानी रखी।
उधर ग्राम इनायतपुर स्थित शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र, पुष्प अर्पित कर जलाभिषेक किया। सावन के पहले सोमवार पर जिलेभर के शिवालयों में दिनभर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष गूंजते रहे।
