फर्रुखाबाद/, कंपिल। कंपिल थाना क्षेत्र के गांव धीमर नगला में एक कुत्ते के हमले में 16 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि नौ भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित ने कुत्ता मालिक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।गांव धीमर नगला निवासी दिनेश पाल पुत्र इतवारी लाल ने थाना कंपिल में दी गई तहरीर में बताया कि एक अगस्त की रात करीब तीन बजे वह अपनी भेड़ों को बाड़े में बांधकर सो रहा था। रात में बारिश शुरू होने पर वह दूसरे घर में जाकर सो गया। इसी दौरान गांव के ही एक व्यक्ति का कुत्ता बाड़े में घुस आया और भेड़ों पर हमला कर दिया।पीड़ित के अनुसार, उस समय बाड़े में कुल 48 भेड़ें बंधी थीं। कुत्ते के हमले में 16 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की जानकारी सुबह होने पर मिली, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पशुओं की मौत से पशुपालक को भारी आर्थिक क्षति हुई है।दिनेश पाल का आरोप है कि जब वह घटना की शिकायत लेकर कुत्ता मालिक के घर पहुंचा तो आरोपित ने गाली-गलौज करते हुए उसे भगा दिया और किसी भी प्रकार की भरपाई करने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, कथित रूप से यह भी कहा कि वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।पीड़ित ने थाना कंपिल पुलिस को तहरीर देकर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
