फिरोजाबाद में सुहाग नगर जैन मंदिर फ्लाईओवर निर्माण को लेकर नया विवाद सामने आया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता सतेन्द्र जैन सौली ने जिला चिकित्सालय मेडिकल कॉलेज पर निर्माण कंपनी को बिना किसी राजस्व वसूली के सरकारी जमीन उपलब्ध कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
सतेन्द्र जैन सौली ने कहा कि चर्चा है कि सुहाग नगर जैन मंदिर फ्लाईओवर का निर्माण कर रही कंपनी को सामान रखने, गोदाम बनाने और मजदूरों के रहने के लिए मेडिकल कॉलेज की कई बीघा जमीन करीब डेढ़ वर्ष के लिए निशुल्क उपलब्ध कराई गई। उनका आरोप है कि कंपनी ने वहां सबमर्सिबल पंप लगाने के साथ पक्का निर्माण भी कर लिया, लेकिन इसके बदले मेडिकल कॉलेज द्वारा कोई राजस्व वसूला नहीं गया, जिससे लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ।
उन्होंने कहा कि लगभग 74 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस फ्लाईओवर की लागत आगे बढ़ सकती है, ऐसे में निर्माण कंपनी से नियमानुसार शुल्क लिया जाना चाहिए था। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बाइट: सतेन्द्र जैन सौली, राष्ट्रीय सचिव, समाजवादी पार्टी
सौली ने यह भी आरोप लगाया कि फिरोजाबाद में “पहले दीवार बनाई जा रही है और बाद में टेंडर किए जा रहे हैं।” उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से सवाल किया कि आखिर इस कथित मनमानी और भ्रष्टाचार के लिए कौन जिम्मेदार है।
इस दौरान सपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. मुजाहिद खान, के.सी. गौतम, सिराज सलीम बेग, हाशिम अली और जीशान बेग सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह आरोप समाजवादी पार्टी के नेता सतेन्द्र जैन सौली द्वारा लगाए गए हैं। संबंधित विभाग या निर्माण कंपनी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
