एटा से दीपक कश्यप की रपोर्ट
नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत ग्रामीणों को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर, स्वदेशी गौवंश संरक्षण और दुग्ध उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
एटा में मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना के तहत पशुपालकों के लिए बड़ी पहल की गई है। विकास भवन में आयोजित ई-लॉटरी के माध्यम से 28 लाभार्थियों का पारदर्शी तरीके से चयन किया गया। चयनित लाभार्थियों को दो उच्च नस्ल की दुधारू स्वदेशी गायों की खरीद पर राज्य सरकार 40 प्रतिशत तक का अनुदान देगी। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीणों की आय बढ़ाना, स्वरोजगार को बढ़ावा देना और स्वदेशी गौवंश का संरक्षण करना है
विकास भवन स्थित शताक्षी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना के अंतर्गत ई-लॉटरी का आयोजन किया गया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.पी. शर्मा ने बताया कि नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत संचालित इस योजना के लिए 119 पात्र आवेदकों ने आवेदन किया था। इनमें से 14 पुरुष और 14 महिलाओं सहित कुल 28 लाभार्थियों का चयन किया गया।
प्रत्येक चयनित लाभार्थी प्रदेश के बाहर से दो उच्च गुणवत्ता वाली स्वदेशी नस्ल की दुधारू गायें खरीदेगा, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹2 लाख तक होगी। इस पर राज्य सरकार 40 प्रतिशत अनुदान प्रदान करेगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, पशुपालकों की आय बढ़ाने और प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही यह योजना स्वदेशी गौवंश के संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने में भी अहम भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम के दौरान चयनित लाभार्थियों को आगे की प्रक्रिया और आवश्यक औपचारिकताओं की भी जानकारी दी
