रिपोर्टर शकील अहमद बिजनौर
नूरपुर के गांव गोहावर हल्लू में हादसा, पत्नी समेत तीन बच्चों का छिना सहारा; परिजनों ने मुआवजे की मांग की
बिजनौर के नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव गोहावर हल्लू में एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक बिजली के तार पर बंदर के कूदने से तार टूटकर युवक के ऊपर गिर गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार दोपहर नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव गोहावर हल्लू निवासी संजय अपने घर पर मौजूद थे। तभी बिजली के तार पर एक बंदर के कूदने से तार टूट गया और सीधे संजय के ऊपर आ गिरा। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी कविता ने बताया कि उनके पति ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। संजय अपने पीछे पत्नी, तीन छोटे-छोटे बच्चों और बुजुर्ग बीमार माता-पिता को छोड़ गए हैं। परिवार का आरोप है कि यह हादसा बिजली व्यवस्था में लापरवाही का परिणाम है।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। पीड़ित परिवार ने सरकार और प्रशासन से आर्थिक सहायता व उचित मुआवजे की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
