बिजनौर के नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव रोशनपुर जागीर में एक दर्दनाक हादसे में घर की बिजली ठीक करते समय करंट लगने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रोशनपुर जागीर के मौजा सादपुरी निवासी नितिन कुमार बुधवार रात करीब 9 बजे अपने घर की बिजली की खराबी को ठीक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वह बिजली के तेज करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नितिन कुमार अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।
