फिरोजाबाद में चौराहों के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने नगर विधायक मनीष असीजा पर फर्जी भूमि पूजन कर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। सपा नेताओं का कहना है कि करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित विकास कार्यों में धरातल पर 12 लाख रुपये का काम भी दिखाई नहीं दे रहा है।
समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष शिवराज सिंह यादव और राष्ट्रीय सचिव सामाजिक कार्यकर्ता सतेन्द्र जैन ‘सौली’ के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने असफाबाद, ककरऊ कोठी, कोटला बंबा और सीएल कॉलेज चौराहे का निरीक्षण किया। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि छह महीने पहले हुए भूमि पूजन के बावजूद चौराहों की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
सतेन्द्र जैन ‘सौली’ ने कहा कि असफाबाद चौराहे के लिए 2.26 करोड़, कोटला बंबा चौराहे के लिए 2.65 करोड़ और ककरऊ कोठी चौराहे के लिए 2.14 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण की योजनाओं का भूमि पूजन किया गया था, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्य नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ककरऊ कोठी चौराहे पर सौंदर्यीकरण के नाम पर सिर्फ दो पुराने ड्रम रख दिए गए हैं।
जिला अध्यक्ष शिवराज सिंह यादव ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार और खानापूर्ति की जा रही है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं सपा नेताओं ने नगर विधायक से जवाब मांगते हुए कहा कि यदि विकास कार्य धरातल पर नहीं दिख रहे हैं तो फर्जी भूमि पूजन कर जनता को गुमराह करना बंद किया जाए।
