सौतेले बेटे और बहू पर मारपीट का आरोप
बिजनौर के धामपुर कस्बे में एक बुजुर्ग दंपति ने अपने सौतेले बेटे और उसकी पत्नी पर मारपीट और उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि बेदखल किए जाने के बावजूद आरोपी घर में जबरन रह रहे हैं और आए दिन विवाद कर रहे हैं। मामले को लेकर पीड़िता ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
मामला धामपुर क्षेत्र के मोहल्ला पक्का बाग का है, जहां एक महिला ने अपने सौतेले बेटे और उसकी पत्नी पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि दोनों आए दिन घर में झगड़ा करते हैं और विरोध करने पर अभद्रता तथा मारपीट पर उतर आते हैं।
वहीं पीड़िता के पति ने बताया कि उन्होंने पहले ही आरोपी बेटे को अपनी संपत्ति से बेदखल कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद वह अपनी पत्नी के साथ घर में जबरन रह रहा है। उनका आरोप है कि दोनों के व्यवहार से परिवार का जीवन मुश्किल हो गया है।
पीड़ित दंपति ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा बनी हुई है और पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है।
अब देखना होगा कि प्रशासन पीड़ित परिवार की शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और उन्हें कब तक राहत मिल पाती है।
