उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां लगातार हो रही बिजली कटौती से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। मामला फिरोजाबाद जिले के गांव कोंडरा का है, जहां बधाना फीडर राजगढ़ क्षेत्र में लंबे समय से अनियमित विद्युत आपूर्ति की समस्या बनी हुई है।
गांव कोंडरा के ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली गुल रहने से पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं किसानों और छोटे व्यापारियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने विद्युत विभाग से जल्द व्यवस्था सुधारने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
“गर्मी में बिजली न आने से बहुत परेशानी हो रही है। रात-रात भर बिजली गायब रहती है। विभाग को जल्द समाधान करना चाहिए।”
अब देखना होगा कि विद्युत विभाग ग्रामीणों की समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हुए बिजली व्यवस्था में सुधार करता है।
