ब्रेकिंग न्यूज़ फर्रुखाबाद
मामला फर्रुखाबाद के मदनपुर चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक रोडवेज बस नंबर यूपी 75 एटी 2225 फर्रुखाबाद से किशनी जा रही थी। इसी दौरान लोहिया अस्पताल के पास एक युवक बस में सवार हुआ। आरोप है कि युवक ने टिकट लेने से इनकार कर दिया और परिचालक से बहस शुरू कर दी।
परिचालक प्रांजल प्रताप सिंह के अनुसार, विवाद बढ़ने पर युवक ने अपने साथियों को फोन कर बुला लिया। जैसे ही बस खिदमतपुर पुलिया के पास पहुंची, वहां पहले से मौजूद 10 से 15 लोगों ने सड़क पर सफेद कली डालकर बस को जबरन रुकवा लिया।
बस रुकते ही दबंग बस के अंदर घुस आए और चालक कुलदीप सिंह व परिचालक प्रांजल प्रताप सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने परिचालक का बैग छीनने की भी कोशिश की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित परिचालक
“एक युवक टिकट नहीं ले रहा था और लगातार विवाद कर रहा था। बाद में उसने अपने साथियों को बुला लिया। रास्ते में बस रोककर हमारे साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। हमने पुलिस को शिकायत दे दी है।”
घटना 14 मई 2026 की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। पीड़ित परिचालक ने मदनपुर चौकी प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सरेआम हुई इस घटना ने रोडवेज कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। अब देखना होगा कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले इन दबंगों पर कब तक कार्रवाई होती है।
