हैदर खान / ब्यूरोचीफ पीलीभीत
जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में तहसील पूरनपुर का सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में जन समस्याओं को सुना। कुल 47 शिकायती प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से मौके पर 02 शिकायतों का निस्तारण किया गया। सम्पूर्ण समाधान में राजस्व, चकमार्ग सहित अन्य विभागों की शिकायतें प्राप्त हुई। प्राप्त शिकायतों के सम्बन्ध में संज्ञान लेते हुए कहा कि अधिकारी अपनी-अपनी विभागीय शिकायतों का गुणवत्तापरक ढंग से निस्तारण करें, अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ता की शिकायतों के निस्तारण हेतु मौका मुआइना अवश्य करें और शिकायतकर्ता सहित दोनों पक्षों को बुलाकर शिकायतों का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें तथा निस्तारण आख्या पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री कार्यालय से जन सुनवाई की शिकायतों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है, राजस्व सम्बन्धी मामलों में जहां पर पुलिस प्रशासन की आवश्यकता हो तो वहां पुलिस को साथ लेकर मौके पर निस्तारण कराया जाये। इसके साथ ही तहसील परिसर में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निःक्षय शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी द्वारा आधुनिक एक्सरे मशीन का बटन दबाकर शिविर का शुभारम्भ किया। आयोजित महोत्सव में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य चेकअप कैम्प में लोगों की जांच की गई, कैम्प में आधुनिक एक्सरे मशीने से एक्सरे कर तुरन्त रिपोर्ट दी गई। तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर आलोक कुमार, उप जिलाधिकारी पूरनपुर, जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा, जिला कृषि अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी पूरनपुर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।_
