रिपोर्ट इंद्रजीत बनर्जी
प्रयागराज। शहर के सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र स्थित पत्रिका चौराहे पर सोमवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस अग्निकांड में दो रेस्टोरेंट और एक अंग्रेजी मॉडल शॉप पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, आग पत्रिका चौराहे पर स्थित एक बहुमंजिला इमारत में लगी, जहां बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पर अलग-अलग प्रतिष्ठान संचालित हो रहे थे। बेसमेंट और फर्स्ट फ्लोर पर रेस्टोरेंट, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर अंग्रेजी वाइन शॉप संचालित थी।
घटना की सूचना रात करीब 2:30 बजे मिली, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू में करने के लिए फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों को करीब चार घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।
