फर्रुखाबाद /कायमगंज /अचरामार्ग पर झब्बूपुर नहर पुल के पास गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक किराना दुकानदार की मौत हो गई। लकड़ी से लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के गांव बुढ़नपुर निवासी ताज मोहम्मद का 19 वर्षीय पुत्र अजीम कायमगंज से अपनी परचून की दुकान के लिए सामान खरीदकर बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह अचरा रोड स्थित झब्बूपुर नहर पुल के पास पहुंचा, सामने से आ रहे लकड़ी लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि अजीम करीब 10 कदम तक सड़क पर घिसटता चला गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अजीम तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी चार बहनें हैं। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां फुलजाना बेगम सहित पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
