फर्रुखाबाद/कायगंज /विकासखंड कायमगंज के ग्राम पंचायत पचरोली महादेवपुर में बारिश के चलते गांव का मुख्य मार्ग दलदल में तब्दील हो गया है। इससे ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले बच्चों और शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत करने के बावजूद मार्ग का निर्माण न होने पर नाराजगी जताई है।गांव निवासी शिक्षामित्र राजेश कुमार, प्रदीप कुमार, अनुराग यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव का मुख्य रास्ता वर्षों से जर्जर हालत में है। इसी मार्ग से प्राथमिक विद्यालय के बच्चे, शिक्षक तथा ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं। बरसात के मौसम में सड़क पर कीचड़ और दलदल होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल हो चुके हैं।शिक्षामित्र राजेश कुमार ने बताया कि विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक की स्कूटी भी इस दलदल में कई बार फिसल चुकी है, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में बच्चों और शिक्षकों को विद्यालय पहुंचने में रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं।ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान ग्राम प्रधान अनिल राजपूत से कई बार मौखिक रूप से मार्ग को पक्का कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्हें नारकीय स्थिति में जीवनयापन करने को मजबूर होना पड़ रहा है।इस संबंध में खंड विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जल्द ही संबंधित अधिकारियों से स्थल निरीक्षण कराया जाएगा। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मार्ग को पक्का कराने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
