शिकायत के बाद अलीगढ़ एंटी करप्शन टीम ने बिछाया जाल, सिकंद्राराऊ तहसील में कार्रवाई से मचा हड़कंप
हाथरस की सिकंद्राराऊ तहसील में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कानूनगो को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जमीन की पैमाइश कराने के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद अलीगढ़ से पहुंची टीम ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, अगसौली क्षेत्र में तैनात कानूनगो नरेंद्र तिवारी पर शिकायतकर्ता धर्मवीर बघेल से जमीन की पैमाइश कराने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने पूरी योजना तैयार की और शिकायतकर्ता को तय समय पर सिकंद्राराऊ तहसील के पीछे स्थित कैंटीन पर भेजा।
शनिवार दोपहर करीब एक बजे जैसे ही कानूनगो नरेंद्र तिवारी ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये लेकर अपनी जेब में रखे, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने प्रभारी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
एंटी करप्शन टीम आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई की खबर फैलते ही तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि अन्य कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
