रिपोर्ट सौरभ दीक्षित जिला
फर्रुखाबाद/ कायमगंज क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में काम कर रही एक महिला को अचानक गोली लग गई। घटना के बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे तो महिला अचेत अवस्था में पड़ी मिली। घायल महिला की पहचान भगवान देवी, पत्नी रणवीर सिंह, निवासी पचरोली माधोपुर, थाना कायमगंज के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला खेत में कृषि कार्य कर रही थी, तभी अचानक गोली चलने की आवाज आई। लोग दौड़कर पहुंचे और महिला को खेत में पड़ी चारपाई पर लिटाकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज ले गए।
सीएचसी के चिकित्सकों ने जांच के दौरान महिला के बाजू में गोली लगने की पुष्टि की। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल महिला की हालत स्थिर बनी हुई है।
घटना कैसे हुई और गोली किसकी थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि महिला को गोली दुर्घटनावश लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
