उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। एकतरफा प्यार और शादी के जुनून में अंधे हो चुके एक सिरफिरे ने महज़ डेढ़ साल के मासूम बच्चे को बीच सड़क पर बेहद बेरहमी से पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया। इस दिल दहला देने वाली वारदात का एक-एक पल पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसे देखकर किसी का भी कलेजा कांप उठे।
पीड़ित महिला रती देवी की शादी फरवरी बदायूं के सुमित कुमार से हुई थी। शादी के बाद उन्होंने बेटे ‘आरव’ को जन्म दिया। हालांकि, पति से अनबन के कारण रती पिछले कुछ महीनों से शिकोहाबाद के यादव कॉलोनी में अपने मायके में रह रही थी।
इसी बीच, पति के फुफेरे भाई विराज उर्फ जितेंद्र पाठक (निवासी शेखपुर, बदायूं) ने रती के परिवार से नजदीकियां बढ़ानी शुरू कीं। उसने रती के पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में मदद करने का भरोसा देकर उसका विश्वास जीता।
शादी का प्रस्ताव ठुकराया तो बन गया हैवान:
कानूनी राय लेने के लिए रती शिकोहाबाद आई हुई थी और शाम होने के कारण अपनी मां की सहेली के घर रुकी थी। आरोपी विराज फोन पर लोकेशन लेकर वहां पहुंच गया। उसने वहां रती पर अपने पति को तलाक देकर खुद से शादी करने का भारी दबाव बनाया। जब रती ने साफ शब्दों में मना कर दिया, तो विराज के सिर पर खून सवार हो गया। उसे लगा कि इस बच्चे के कारण ही रती शादी से मना कर रही है।
शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे, आरोपी विराज डेढ़ साल के मासूम आरव को टॉफी दिलाने के बहाने घर से बाहर ले गया। सुनसान सड़क पर ले जाकर उसने जो किया, वह क्रूरता की सारी हदें पार कर गया।
वो खौफनाक सीसीटीवी फुटेज
इस पूरी वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी ने मासूम आरव को आठ बार पूरी ताकत से जमीन पर पटका। मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हैवान बच्चे के शव को घर के गेट पर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ऐक्शन: रात में ही एनकाउंटर, आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बच्चे की नानी की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की घेराबंदी शुरू की।
- मुठभेड़ का स्थान: भरतरा रोड
- समय: शनिवार रात करीब 9 बजे
- कार्रवाई: पुलिस ने जब आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक को घेरने की कोशिश की, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
- नतीजा: पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी विराज के दोनों पैरों में गोली लगी है। उसे तत्काल गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।
