महंगाई और स्मार्ट मीटर के खिलाफ बरेली में सपाइयों का अनोखा प्रदर्शन, सड़कों पर दौड़ी बैलगाड़ी
बरेली, 26 मई 2026
उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के दामों में बेतहाशा वृद्धि और बिजली के स्मार्ट मीटरों की अव्यवस्था के खिलाफ आज बरेली की सड़कों पर एक अनोखा और ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला। समाजवादी युवजन सभा और मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आधुनिक वाहनों का त्याग कर बैलगाड़ी के माध्यम से जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
इस ऐतिहासिक प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी युवजन सभा के जिला अध्यक्ष व असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मोहित भारद्वाज तथा मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष एजाज अहमद ने संयुक्त रूप से किया।
बैलगाड़ी पर सिलेंडर रख दर्ज कराया प्रतीकात्मक विरोध
प्रदर्शन की सबसे खास बात यह रही कि सपाई हाथों में समाजवादी झंडे लेकर और बैलगाड़ी पर रसोई गैस सिलेंडर रखकर शहर के प्रमुख मार्गों पर निकले। सड़कों पर वर्षों बाद बैलगाड़ी देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों में भारी उत्सुकता देखी गई।
बड़े जन आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के अंत में समाजवादी नेताओं ने साफ शब्दों में कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत है। यदि सरकार ने बढ़ती महंगाई पर लगाम नहीं लगाई और स्मार्ट मीटर की धांधली को बंद नहीं किया, तो समाजवादी कार्यकर्ता हर गांव, मोहल्ले और वार्ड में जाकर इससे भी बड़ा जनआंदोलन खड़ा करेंगे।
