रिपोर्टर शकील अहमद बिजनौर
बिजनौर: खेत में काम कर रहे ग्रामीण पर गुलदार का जानलेवा हमला, इलाके में भारी दहशत
बिजनौर। जनपद में गुलदार (तेंदुए) का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला रहटा बिल्लौच गांव का है, जहाँ सोमवार सुबह करीब 7 बजे खेत पर गए एक ग्रामीण पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से जख्मी हो गया है, जिससे पूरे इलाके के ग्रामीणों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है।
घात लगाकर छिपे
गुलदार ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी जाहिद कुरैशी (पुत्र हकीम उल्ला) रोज़ की तरह सुबह अपने खेत पर काम करने गए थे। इसी दौरान खेत की झाड़ियों (बरेह) में घात लगाकर बैठे गुलदार ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। जाहिद की चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख गुलदार पीड़ित को लहूलुहान हालत में छोड़कर जंगल की तरफ भाग निकला।
सिर और गर्दन पर गहरे घाव
परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल जाहिद को नजदीकी निजी चिकित्सक के पास भर्ती कराया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।
डॉक्टरों के मुताबिक, गुलदार के हमले के कारण जाहिद के सिर और गर्दन पर पंजों के गहरे जख्म आए हैं जिससे काफी खून बह चुका है।
ग्रामीणों की मांग: तुरंत लगाया जाए पिंजरा
इस खूंखार हमले के बाद से रहटा बिल्लौच और आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है। लोग खेतों पर जाने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग को कोसते हुए मांग की है कि आदमखोर हो रहे गुलदार को पकड़ने के लिए क्षेत्र में तुरंत पिंजरा लगाया जाए।
