बिजनौर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति खंडित, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
अज्ञात शरारती तत्वों ने देर रात धर्मशाला में लगी अंबेडकर प्रतिमा को किया क्षतिग्रस्त, पुलिस मौके पर तैनात
बिजनौर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है।
जनपद के धामपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर लाल उर्फ उदूपूरा गांव में शरारती तत्वों द्वारा संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को खंडित किए जाने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि गांव की धर्मशाला में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा को बीती रात अज्ञात लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और पुलिस टीम ने गांव में डेरा डाल दिया। अधिकारियों द्वारा लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि माहौल शांत बना रहे।
वहीं प्रशासन खंडित मूर्ति को दुरुस्त कराने की कवायद में जुट गया है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जांच पड़ताल कर रही है।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रित स्थिति बनी हुई है।
रिपोर्टर शकील अहमद बिजनौर
