बिजनौर के अफ़ज़लगढ़ थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब जल जीवन मिशन के पंप हाउस में अवैध लकड़ी कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ। मुरादाबाद वन विभाग के उड़नदस्ता दल ने छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित लकड़ी बरामद की है। बताया जा रहा है कि पंप हाउस को मिनी आरा मशीन का रूप देकर लंबे समय से अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था।
मामला बिजनौर जिले के अफ़ज़लगढ़ थाना क्षेत्र का है, जहां जल जीवन मिशन के पंप हाउस में मुरादाबाद वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान ख़ैर, सागौन और शीशम समेत कई प्रतिबंधित प्रजातियों की लकड़ी भारी मात्रा में बरामद की गई। वन विभाग की टीम को मौके पर लकड़ी काटने और गट्टे तैयार करने के उपकरण भी मिले हैं।
सूत्रों की मानें तो पंप हाउस की आड़ में लंबे समय से अवैध लकड़ी का कारोबार चल रहा था। यहां लकड़ी को काटकर गट्टों के रूप में तैयार किया जाता था और फिर क्षेत्र के होटलों व अन्य स्थानों पर सप्लाई की जाती थी। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
वन विभाग की टीम ने बरामद लकड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में काफी समय से बड़े पैमाने पर यह अवैध कारोबार संचालित हो रहा था।
फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर सरकारी परिसर में इतने बड़े स्तर पर अवैध लकड़ी कारोबार कैसे संचालित हो रहा था।
रिपोर्टर शकील अहमद चांदपुर बिजनौर
