फिरोजाबाद में 38 दिन से लापता 13 वर्षीय किशोरी को थाना उत्तर पुलिस ने गुजरात के भुज शहर से सकुशल बरामद कर लिया है। किशोरी की बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। वहीं मौके पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता सतेन्द्र जैन सौली ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की और पुलिस टीम को बधाई दी
फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र के राठौर गली, मोहल्ला खेड़ा निवासी परिवार की 13 वर्षीय किशोरी 28 अगस्त 2026 को लापता हो गई थी। परिजनों की सूचना पर थाना उत्तर पुलिस ने 30 अगस्त को बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किशोरी को गुजरात के भुज शहर से बरामद कर लिया और उसे थाना उत्तर लेकर पहुंची। किशोरी की बरामदगी की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता सतेन्द्र जैन सौली थाना उत्तर पहुंचे और किशोरी के परिजनों से मुलाकात की।
गौरतलब है कि 2 अक्टूबर को किशोरी की बरामदगी को लेकर राठौर गली, मोहल्ला खेड़ा में आक्रोश फैल गया था। सूचना पर पहुंचे सतेन्द्र जैन सौली ने पुलिस को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा था कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। अगर तीन दिन के भीतर किशोरी की सकुशल बरामदगी नहीं हुई और परिवार संतुष्ट नहीं हुआ तो थाने का घेराव किया जाएगा।
किशोरी की बरामदगी के बाद सतेन्द्र जैन सौली ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने शानदार कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम ने पिछले चार दिनों में करीब 3 हजार किलोमीटर की यात्रा कर किशोरी को बरामद किया है, जो सराहनीय कार्य है।
इस दौरान सपा जिला उपाध्यक्ष रघुराज सविता सहित दुर्गेश राठौर, राजेश राठौर, राजू राठौर, सचिन राठौर, अजय राठौर, ओमवीर राठौर, शिवकुमार राठौर, पंकज राठौर, रवि राठौर, प्रेमपाल राठौर, मनोज राठौर, राजवीर राठौर, श्री कृष्णा जाटव और राहुल सक्सेना सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
